अंता विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे और चर्चा में रहने वाले युवा नेता नरेश मीणा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ सपोटरा थाने में FIR दर्ज की गई है। मामला भाजपा जिला विधि प्रकोष्ठ के सह-संयोजक विकास सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ। घटना 21 नवंबर की है, जब राम जल सेतु लिंक परियोजना के तहत बनने वाले डूंगरी बांध के विरोध में सपोटरा उपखंड की ग्राम पंचायत जोड़ली में महापंचायत हुई थी। हजारों ग्रामीणों से भरी इस सभा में नरेश मीणा ने चेतावनी दी थी कि अगर डूंगरी बांध का निर्माण शुरू हुआ तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी और आवश्यकता पड़ी तो ट्रेन रोकने जैसे कदम भी उठाए जाएंगे। इसी दौरान कथित रूप से पीएम और सीएम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगे। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। शिकायतकर्ता विकास सिंह ने कहा कि नरेश मीणा ने संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई और पद की गरिमा का भी अपमान हुआ। पुलिस ने वीडियो और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।