बाड़मेर | स्कूल बस को 50 फीट तक घसीटता गया ट्रक, मासूमों पर टूटा कहर, एक बच्चे की मौत... यह हादसा बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में आज सुबह हुआ...
नेशनल हाईवे-25 पर ट्रक ने स्कूल बस को टक्कर मारने के बाद करीब 50 फीट तक घसीट दिया। हादसे में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की बस में सवार 36 बच्चों में से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक बच्चे घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब बस बच्चों को घरों से स्कूल लेकर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई बच्चे सीटों के नीचे फंस गए, जिन्हें जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। घायल बच्चों को पहले बायतु अस्पताल ले जाया गया, जहां से 9 गंभीर घायलों को बालोतरा रेफर किया गया। इनमें से एक 14 वर्षीय छात्र विरधाराम को जोधपुर ले जाते समय रास्ते में मृत घोषित कर दिया गया। बालोतरा के नाहटा अस्पताल में अभी भी 8 गंभीर घायल भर्ती हैं, जिनमें कई बच्चों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।