सीकर | राहुल गांधी से दिल्ली में मिलने पहुंचे नीट स्टूडेंट प्रदीप माहिच के परिवार के साथ एक हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
सीकर में नीट परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्र के परिवार ने राहुल गांधी से करीब आधे घंटे मुलाकात की, लेकिन इस दौरान परिवार के साथ सीकर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया भी मौजूद था। राजेश जोया पर हत्या, मारपीट और राजकार्य में बाधा समेत 14 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। उसका नाम गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से भी जोड़ा जाता रहा है। इस खुलासे के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने मृतक छात्र की बहन बबीता के सिर पर हाथ रखकर कहा कि “ये मेरी भी बहन है” और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भले उनकी सरकार नहीं है, लेकिन इंसाफ दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
वहीं NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि परिवार ने अपने साथ आए लोगों को रिश्तेदार बताया था और उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। बता दें कि झुंझुनूं निवासी प्रदीप माहिच ने 15 मई को नीट परीक्षा रद्द होने से आहत होकर सीकर में आत्महत्या कर ली थी। परिवार का दावा था कि इस बार उसके 650 से ज्यादा अंक आने की उम्मीद थी और परीक्षा रद्द होने से वह मानसिक रूप से टूट गया था।