एक हजार रुपये... और उसके बाद जो आरोप सामने आए, उन्होंने पूरे राजस्थान को झकझोर कर रख दिया। सवाल सिर्फ पैसों का नहीं... बल्कि स्कूल में पढ़ने वाली बेटियों की गरिमा और सम्मान का है।" मामला राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बामनवास स्थित एक सरकारी स्कूल का है। आरोप है कि एक महिला शिक्षिका के एक हजार रुपये गायब होने के बाद 9वीं और 12वीं की छात्राओं की तलाशी ली गई। छात्राओं का आरोप है कि इस दौरान उनसे कपड़े उतरवाकर जांच की गई। डर और शर्म की वजह से छात्राएं चुप रहीं, लेकिन दो दिन बाद जब उन्होंने परिजनों को पूरी बात बताई तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षिका सरस्वती मीणा को निलंबित कर दिया गया है, जबकि वंदना शर्मा को कार्यमुक्त कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं... बल्कि स्कूल में पढ़ने वाली बेटियों के सम्मान और भरोसे से जुड़ा बेहद गंभीर मामला होगा। अब सभी की नजर जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।