अस्पताल में डॉक्टर मिलें या न मिलें, लेकिन शराब के ठेके पर डॉक्टर जरूर मिल जाएंगे… और यहां डॉक्टर आपको शराब की बोतल नहीं, बल्कि आपकी सेहत का हाल बताएंगे! मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। यहां शराब की दुकान के बाहर टेबल-कुर्सी लगाकर डॉक्टरों की टीम बैठाई गई है। शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों का ब्लड प्रेशर चेक किया जा रहा है, स्वास्थ्य परीक्षण हो रहा है और जरूरत पड़ने पर खून के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इन सैंपल की जांच से पता लगाया जा रहा है कि शराब पीने वालों का लिवर और किडनी कितनी ठीक हालत में हैं।
लेकिन सवाल है कि आखिर शराब के ठेके पर डॉक्टरों को बैठाने की नौबत क्यों आई?
दरअसल, सितंबर महीने में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से 30 से ज्यादा लोगों की मौत की घटनाओं के बाद प्रशासन ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मृतक पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। इसके बाद जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें मैदान में उतरीं।
हैरानी की बात यह है कि आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों के नियमित ग्राहकों की सूची भी तैयार करवाई है। अब तक करीब 300 अत्यधिक शराब सेवन करने वालों को चिह्नित किया गया है। प्रशासन की टीमें सिर्फ दुकानों पर ही नहीं, बल्कि ऐसे लोगों के घरों तक भी पहुंचकर उनकी जांच करेंगी।
शुरुआती तीन दिनों में सागर, बीना, बंडा, खुरई, देवरी, केसली और गौरझामर में 417 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिनकी रिपोर्ट में गंभीर समस्या सामने आएगी, उन्हें और उनके परिवार को जानकारी देकर इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी।
डॉक्टर लोगों को शराब के नुकसान समझा रहे हैं और इसे छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, इस अनोखी पहल को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अब इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है… जिस शराब की दुकान पर लोग सेहत की परवाह किए बिना पहुंचते हैं, क्या उसी दुकान के बाहर बैठा डॉक्टर उन्हें शराब छोड़ने के लिए प्रेरित कर पाएगा?
NEWS AFFAIR 24 | मध्य प्रदेश