खबर महाराष्ट्र के मुंबई से सामने आई है, जहां झुंझुनूं जिले के एक भारतीय नौसेना जवान, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव सरकारी आवास से मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। मृतक नौसेना जवान की पहचान झुंझुनूं जिले के ककराना गांव निवासी 30 वर्षीय पूरणमल मेहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुंबई के नेवी नगर स्थित सरकारी आवास में पूरणमल मेहरा का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों के शव कमरे में बिस्तर पर पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नौसेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
तीन दिनों से नहीं उठा रहे थे फोन परिजनों के अनुसार, पूरणमल के छोटे भाई मुकेश कुमार ने बताया कि परिवार पिछले करीब तीन दिनों से लगातार पूरणमल को फोन कर रहा था, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो रहा था। इसके बाद परिवार ने नौसेना अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 11 बजे परिवार को मुंबई से फोन आया, जिसमें पूरणमल के निधन की सूचना दी गई।
बताया गया है कि पूरणमल मेहरा करीब 20 दिनों की छुट्टी पर थे और इस दौरान ड्यूटी पर नहीं थे। वह करीब नौ महीने पहले अपने पैतृक गांव ककराना आए थे और कुछ दिन पहले ही परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत भी हुई थी। पूरणमल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई भी सेना में कार्यरत बताए गए हैं, जबकि पिता गांव में किराने की दुकान चलाते हैं।
परिवार के मुताबिक, पूरणमल वर्ष 2015 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी शादी सीकर जिले के खंडेला निवासी ओमा मेहरा से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे थे—एक करीब 3 साल का बेटा और सिर्फ 2 महीने की बेटी। लेकिन अब एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ दिन पहले पत्नी के पिता भी मुंबई आए थे और बेटी को अपने साथ ले जाना चाहते थे। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की भी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर नेवी जवान, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
मुंबई के नेवी नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नौसेना जवान का शव फंदे पर मिला, जबकि पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव कमरे में पाए गए। आखिर उस सरकारी आवास में ऐसा क्या हुआ? इस सवाल का जवाब अब पुलिस जांच, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से सामने आने की उम्मीद है। घटना की खबर मिलते ही झुंझुनूं के ककराना गांव में मातम पसरा हुआ है।