उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होटल के अंदर युवती को कथित तौर पर रातभर बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामला शहर के पॉश आबूलेन बाजार स्थित स्क्वायर होटल का बताया जा रहा है। युवती गाजियाबाद की रहने वाली है, जबकि आरोपी की पहचान सलमान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती मंगलवार दोपहर किसी तरह होटल से बाहर निकलकर भागने लगी, लेकिन आरोपी सलमान ने बीच बाजार उसका पीछा किया। उसने युवती को सड़क पर गिराया, बाल पकड़कर घसीटा और जबरन उठाकर वापस होटल ले जाने की कोशिश की। युवती की चीख-पुकार सुनकर राहगीर और व्यापारी मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इस दौरान भीड़ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह होटल की छत से पीछे की तरफ कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती और सलमान करीब ढाई साल से एक-दूसरे को जानते थे और पहले दोनों के बीच संबंध थे। युवती की शादी कहीं और तय होने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। युवती ने आरोप लगाया कि सलमान ने उसे होटल में जबरन रोककर मारपीट और धमकी दी।
अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई भी तेज हो गई है। होटल को सील कर दिया गया है। होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और होटल संचालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि होटल के रिकॉर्ड में युवती के ठहरने की एंट्री नहीं मिली है। आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
वहीं, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने थाने पहुंचकर आरोपी सलमान के एनकाउंटर और होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस युवती के बयान, होटल के रिकॉर्ड और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि फरार आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है और होटल प्रबंधन की भूमिका की जांच में क्या सामने आता है।
NEWS AFFAIR 24